
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ’नंदी’ ने दीप प्रज्वलित कर किया ’नमो सेवागाथा’ नाटक का भव्य शुभारंभ।
प्रयागराज। भारतेंदु नाट्य अकादमी (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) द्वारा प्रायोजित एवं सर्वस्व लोक कल्याण स्वैच्छिक संस्थान द्वारा प्रस्तुत नाटक ’नमो सेवागाथा’ जो भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत का भव्य मंचन आज जिला पंचायत सभागार, प्रयागराज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई तथा निवेश प्रोत्साहन कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ’नंदी’ ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ’नंदी’ ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रंगमंच समाज का दर्पण है और ’नमो सेवागाथा’ जैसी प्रस्तुतियां समाज में सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने का काम करती हैं। उन्होंने भारतेंदु नाट्य अकादमी और सर्वस्व लोक कल्याण स्वैच्छिक संस्थान के इस संयुक्त प्रयास की सराहना की।
प्रख्यात नाट्य निर्देशक तेजेंद्र सिंह ’तेजू’ के कुशल निर्देशन में मंचित इस नाटक ने सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक के माध्यम से समाज सेवा, मानवीय मूल्यों और जन-कल्याण के विभिन्न आयामों को जीवंत रूप में पर्दे पर उतारा गया। कलाकारों के जीवंत अभिनय और सधे हुए संवादों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि और निर्देशक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में प्रयागराज के गणमान्य नागरिक में विख्यात कवि कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा सदस्य राज्य ललित कला अकादमी संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश व तमाम रंगकर्मी, कला शिक्षक एवं कला विद्यार्थी, कला प्रेमी और प्रबुद्ध वर्ग के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर इस नाटक का रसास्वादन किया, भव्य संचालन आभा मधुर ने किया।
