शंकर नारायण महाविद्यालय में रक्तदान शिविर, 73 यूनिट रक्त संग्रहित

0Shares

भाईंदर/मुम्बई। शंकर नारायण महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया। जे. जे. अस्पताल तथा नायर अस्पताल की ब्लड बैंकों के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 73 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया था। थैलेसीमिया, सिकल सेल, कैंसर तथा डेंगू जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बड़ी मात्रा में रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु युवाओं को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ऐसा आह्वान जे. जे. अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित सूर्यवंशी ने किया।
श्री शंकर नारायण एज्युकेशन ट्रस्ट के संस्थापक रोहिदास पाटील ने कहा कि समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण कई बार मरीजों के जीवन पर संकट उत्पन्न हो जाता है। इसलिए युवाओं को सामाजिक दायित्व की भावना से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
चिकित्सा दल ने बताया कि रक्तदान के बाद संकलित रक्त की आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जाती है। जांच के उपरांत ही इसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपयोग में लाया जाता है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष रोहिदास पाटील, संस्था के सचिव महेश म्हात्रे, प्राचार्य डॉ. व्ही. एन. यादव, नायर अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैष्णवी, जे. जे. अस्पताल समाजसेवा कक्ष के सुनील शिंदे, नायर अस्पताल के समाज विकास अधिकारी दिवेश वाघ सहित अन्य मान्यवर उपस्थित थे।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने विशेष परिश्रम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *