छात्रों को मिलेगी क्लाउड कंप्यूटिंग और एआई की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग।
सोनीपत। पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ ने शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलते हुए अमेजन वेब सर्विसेज के साथ आधिकारिक सहयोग किया है। इस सहयोग के तहत संस्थान परिसर में ही विद्यार्थियों को क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और साइबर सिक्योरिटी जैसी आधुनिक एवं उभरती तकनीकों को सीखने और अपने तकनीकी कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा। पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ के चेयरमैन डा.विजयपाल नैन ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी दौर की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री ओरिएंटेड लर्निंग के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी भी मिलेगी।
इस मौके पर चेयरमैन डा.विजयपाल नैन ने अमेजन वेब सर्विसेज के साथ मिलकर अपने परिसर में ‘एडब्ल्यूएस बिल्डर सेंटर’ गतिविधियां शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीकों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी। इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें वास्तविक तकनीकी वातावरण में काम करने का अनुभव देना है। इसके माध्यम से इंजीनियरिंग, बीसीए और पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों को अमेजन वेब सर्विसेज की तकनीकों और क्लाउड प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने एडब्ल्यूएस के प्रतिनिधि हरसिरत सिंह को बुके व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया । इस अवसर पर संस्था के सचिव गौतम नैन, कोषाध्यक्ष भोपाल सिंह, प्रबंध निदेशक कपिल भाटिया, एमडी इंजी. संघदीप शाक्य, डायरेक्टर एकेडेमिक्स डा. स्वीटी, कैंपस डायरेक्टर कुलदीप तथा रजिस्ट्रार कंवलजीत सिंह संधू विशेष रूप से मौजूद रहे।
