शिक्षा मंत्री ने जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में प्राप्त शिकायतों का किया निस्तारण 

0Shares
सोनीपत। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन अपनी समस्याएं लेकर सरकारी कार्यालयों में विश्वास के साथ आते हैं, इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उनकी समस्या का समाधान करवाना सुनिश्चित करना चाहिए। यदि भविष्य में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण शिकायत के समाधान में देरी की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुल 16 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से 7 शिकायतों का समाधान करवाया गया, जबकि 9 शिकायतों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक तक आवश्यक कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।  उन्होंने कहा कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखें, बल्कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए ठोस कार्रवाई करें। शिक्षा मंत्री ने गांव पांची जाटान निवासी पवन सिंह की पैसे से संबंधित धोखाधड़ी की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में हुई एफआईआर में जिन लोगों के नाम है उन सभी को एरेस्ट करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली, राई विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक निखिल मदान, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, डीसीपी सोनाक्षी सिंह, अतिरिक्त उपायक्त अजय चोपड़ा सहित संबंधित सभी अधिकारी व ग्रीवेंस के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *