मोदी-नायब सरकार में दुनिया के औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित हो रहा है खरखौदा : डॉ. अर्चना गुप्ता

0Shares

खरखौदा/सोनीपत। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मेहनत की बदौलत आज खरखौदा दुनिया के औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने इलाके की जनता से भावनात्मक खिलवाड़ कर वोट तो हासिल किए, लेकिन अपना फर्ज अदा नहीं किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खरखौदा में उनकी ससुराल होने के बावजूद क्षेत्र को वह विकास नहीं मिला, जिसकी लोगों को उनसे उम्मीद थी। यहां तो उन्हें दस काम अतिरिक्त करवाने चाहिए थे। रविवार को खरखौदा विधायक पवन खरखौदा द्वारा आयोजित सेवा संकल्प जनसभा में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यहां के लोगों ने कांग्रेस को झोली भरकर वोट दिए, लेकिन कांग्रेस को बताना चाहिए कि बदले में क्षेत्र के लिए क्या किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ससुराल होने के नाते हुड्डा को खरखौदा के विकास के लिए दस काम अतिरिक्त करने चाहिए थे, लेकिन मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इलाके की भावनाओं के साथ न्याय नहीं किया। दिल्ली से सटे खरखौदा को औद्योगिक विकास के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने का अवसर था, लेकिन क्षेत्र अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, विधायक कृष्णा गहलावत और विधायक पवन खरखौदा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला प्रभारी एडवोकेट राजबाला, मेयर राजीव जैन, भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित बत्रा, प्रदीप सांगवान, देवेंद्र कौशिक, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अक्षित दहिया आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *