सोनीपत। जिला बाल कल्याण परिषद, द्वारा बाल भवन में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष नेहा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर लगभग 410 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान रंगोली, क्ले मॉडलिंग, स्केचिंग, ऑन-द-स्पॉट पोस्टर मेकिंग और फन गेम्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने सभी गतिविधियों में पूरे उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों के आकर्षक संयोजन से सुंदर आकृतियां बनाईं, वहीं क्ले मॉडलिंग में मिट्टी से विभिन्न कलात्मक वस्तुएं तैयार कर अपनी सृजनात्मक क्षमता का परिचय दिया। स्केचिंग और पोस्टर मेकिंग में बच्चों ने अपनी कला एवं कल्पनाशीलता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। फन गेम्स ने कार्यक्रम को मनोरंजक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती ने बताया कि जिला बाल कल्याण परिषद बच्चों के कल्याण एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में उपस्थित अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों से आए अध्यापकों और बच्चों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा भविष्य में भी बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन किए जाते रहेंगे।
