हीट स्ट्रेस और हार्ट अटैक से हुई थी मौत, पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
भटनी (देवरिया)। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर भविष्य का सपना लेकर दुबई में मजदूरी करने गए भटनी थाना क्षेत्र के बासघाटी गांव निवासी 35 वर्षीय जयराम गोंड का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी देवांती देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जयराम के अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाद में खनुआ नदी के किनारे उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बताया जाता है कि 16 अक्टूबर 2026 को दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक मैदान में जयराम का शव मिला था। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद से ही परिजन शव को भारत लाने के लिए प्रयासरत थे। दुबई स्वास्थ्य प्राधिकरण और भारतीय दूतावास की ओर से जारी मृत्यु प्रमाण पत्र के अनुसार, जयराम की मौत हीट स्ट्रेस (अत्यधिक गर्मी के प्रभाव) और हार्ट अटैक से हुई थी। फोरेंसिक जांच में शरीर पर किसी तरह की संदिग्ध चोट के निशान नहीं पाए गए।
वहीं, भारतीय दूतावास की ओर से पांच नवंबर को जारी मृत्यु प्रमाण पत्र और संबंधित दस्तावेजों के अनुसार, यूएई श्रम कानून के तहत संबंधित कंपनी उनकी पत्नी देवांती देवी और परिजनों को सेवा समाप्ति से जुड़े देय लाभ एवं मुआवजा देने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
जयराम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी और भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
