डीएम ने किया निरीक्षण
वायरिंग, साफ-सफाई, पेंटिंग और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय में वायरिंग, साफ-सफाई, पेंटिंग और खिड़कियों पर पर्दे लगाने सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यालय महत्वपूर्ण कार्यालय है, इसलिए यहां सभी सुविधाएं व्यवस्थित होनी चाहिए। कार्यालय में प्रेक्षक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के बैठने के लिए अलग-अलग कक्षों को भी बेहतर ढंग से व्यवस्थित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालय, कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था और बैठकों के लिए समुचित स्थान उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन कार्यालय को सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से भी सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि महत्वपूर्ण अभिलेख सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से रखे जा सकें। कार्यालय का कायाकल्प होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक तत्परता एवं मनोयोग से कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
