देवरिया । महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर देवरिया पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने मिशन शक्ति फेज-6.0 और शक्ति दीदी अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
थाना एकौना की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम एकौना, थाना श्रीरामपुर की टीम ने ग्रामीण बैंक पड़री तथा थाना रामपुर कारखाना की टीम ने गुदरी बाजार में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 और साइबर हेल्पलाइन-1930 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवा के लिए 102 और एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर की जानकारी भी दी गई।
इसी अभियान के तहत जिले के अन्य थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी तरह की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है।
