राज्यकर्मी साहित्यकारों को मिलेगा एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार, 24 का होगा चयन

0Shares

 

देवरिया। राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए राज्यकर्मी साहित्यकारों को सम्मानित करने की पहल की गई है। इसके तहत उत्कृष्ट साहित्यिक कृतियों और दीर्घकालीन साहित्यिक सेवा के लिए अधिकतम 24 साहित्यकारों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक साहित्यकार को एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से इस संबंध में प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। योजना का उद्देश्य देवनागरी लिपि में लिखी जाने वाली भाषाओं एवं बोलियों के साथ उर्दू साहित्य का संवर्धन और प्रचार-प्रसार करना तथा राज्यकर्मियों में साहित्यिक अभिरुचि को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त राज्यकर्मी इस योजना में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के अहिंदी भाषी राज्यकर्मी लेखक भी निर्धारित पात्रता के अनुसार इसमें शामिल हो सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का प्रिंटआउट छह प्रतियों में पुस्तकों के साथ 17 नवंबर 2026 तक राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान, कक्ष संख्या-119 ब, भूतल, निकट गेट संख्या-9, उत्तर प्रदेश सचिवालय, हजरतगंज, लखनऊ-226001 के पते पर भेजना होगा। पुरस्कारों की संख्या और चयन को लेकर पुरस्कार चयन समिति का निर्णय अंतिम होगा।
अपर जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के बीच योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं और कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी इसकी सूचना चस्पा करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र साहित्यकार इसका लाभ उठा सकें।
आवेदन प्रारूप एवं विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी https://forms.gle/1hdhBWJb9zA3MM1UA पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। संस्थान के फेसबुक पेज ‘राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान’ पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *