रुद्रपुर में 18 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, कई कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन

0Shares

हाईस्कूल से स्नातक और आईटीआई पास अभ्यर्थियों को मिलेगा रोजगार का अवसर

रुद्रपुर (देवरिया)। क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 नवंबर को रुद्रपुर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला खंड विकास अधिकारी कार्यालय, रुद्रपुर परिसर में सुबह नौ बजे से आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने बताया कि रोजगार मेले में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, एलआईसी शाखा-02 देवरिया, एलआईसी भाटपार रानी, यूपी रोडवेज देवरिया और श्रीराम फाइनेंस सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान प्रतिभाग करेंगे। इन कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। रोजगार मेले में शामिल होने और चयन की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रहेगी। चयनित अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का भत्ता अथवा यात्रा व्यय नहीं दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने क्षेत्र के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, देवरिया से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *