आस्था के साथ-साथ सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का देता संदेश है शिवरात्रि का पर्व : महापौर जैन

0Shares

सोनीपत। देवों के देव महादेव के पावन पर्व शिवरात्रि के अवसर पर नगर निगम मेयर राजीव जैन ने शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से शहरवासियों सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। राजीव जैन ने ऋषि कॉलोनी, शंकर कुई मंदिर, सेक्टर 13 , सेक्टर 23 एवं नगर निगम कार्यालय पर आयोजित भंडारों में भी पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि का पर्व हमें आस्था के साथ-साथ सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का संदेश देता है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकजुटता को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान महादेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहे तथा समाज का प्रत्येक वर्ग निरंतर प्रगति करे। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि धार्मिक पर्वों के अवसर पर जरूरतमंदों की सेवा और समाजहित के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।
शिवरात्रि के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से पूरा शहर शिवमय नजर आया। मेयर जैन ने सभी शहरवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और सबका कल्याण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *