मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल राई पहुंचे ब्रिगेडियर राम नरेश

0Shares

सोनीपत/राई। मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स (एमएनएसएस), राई में मंगलवार को विद्यालय के 1989 बैच के पूर्व छात्र एवं भारतीय सेना के ब्रिगेडियर राम नरेश का प्रेरणादायक आगमन हुआ। अपने पुराने विद्यालय पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। ब्रिगेडियर राम नरेश ने विद्यालय के जूनियर विंग में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों से घबराने के बजाय सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ उनका सामना करने तथा विद्यालय में उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कुलपति अशोक कुमार, प्रधानाचार्य एवं निदेशिका दिनेश कुमारी तथा बर्सर लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित कपूर सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने ब्रिगेडियर राम नरेश का स्वागत करते हुए उनके विद्यालय से दोबारा जुड़ने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के प्रयास की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *