सोनीपत। हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो का चेयरमैन बनने के बाद अपने पैतृक गांव बड़ौली पहुंचने पर चेयरमैन का ग्रामवासियों द्वारा आत्मीयता एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं एवं गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर चेयरमैन ने कहा कि बड़ौली केवल उनका पैतृक गांव ही नहीं, बल्कि उनकी पहचान और संस्कारों की भूमि है। इसी मिट्टी में उनका बचपन बीता और गांव के बुजुर्गों, चाचा-ताऊ तथा ग्रामीणों से मिले स्नेह एवं आशीर्वाद ने उनके जीवन को दिशा दी। उन्होंने कहा कि बड़ौली की मिट्टी ने उन्हें मेहनत, संघर्ष और सेवा के संस्कार दिए हैं।
उन्होंने कहा कि गांव की गलियों, खेतों और यमुना नदी के पावन तट से उनकी अनेक यादें जुड़ी हुई हैं। आज भी गांव पहुंचने पर बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि अपने ही गांव में मिले इस सम्मान और स्नेह से वे भावुक हैं। यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उनके परिवार और उस मिट्टी का सम्मान है, जिसने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
चेयरमैन ने कहा कि नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए हरियाणा के विकास एवं जनहित के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बड़ौली के लोगों का आशीर्वाद उन्हें हमेशा जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। चेयरमैन ने बड़ौली के समस्त ग्रामवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनों का प्यार उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा ही उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि अपनी मिट्टी, अपने लोगों और अपने संस्कारों से जुड़े रहकर वे प्रदेश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, वरिष्ठ नेता आजाद नेहरा, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, तरुण देवीदास, शमशेर सिंह तूफान एवं ग्राम सरपंच रामेश्वर कौशिक सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
