गैस सिलेंडर के रिसाव होने से दो मासूम बच्चों की हुई मौत

0Shares

गाजीपुर। जिले के जमानिया कोतवाली क्षेत्र देवड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद लगी आग से बड़ा हादसा हुआ है। आग की चपेट में आने और मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में हुए जोरदार धमाके से दो स्कूली छात्रों की झुलसकर मौत हो गई। हादसे के होने से मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
बता दे कि जमानिया कोतवाली क्षेत्र देवड़ी निवासी सुंदरम यादव (12) कक्षा छह और विशाल शर्मा (14) कक्षा आठ के छात्र थे। दोनों पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवड़ी में पढ़ते थे। सोमवार सुबह सुंदरम अपनी बहन रेखा के साथ विशाल के घर दूध लेने गया था। उस समय विशाल की मां मीना देवी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और अचानक आग की लपटे उठने लगी।
रसोई से आग की लपटें निकलती देख मीना देवी और रेखा घर से बाहर निकल गईं। वहीं आंगन में मौजूद दोनों बच्चे घबराकर बगल के कमरे में चले गए और पटनी पर चढ़ गए। इसी दौरान आग कमरे में खड़ी मोटरसाइकिल तक पहुंच गई। पेट्रोल टंकी में जोरदार धमाका होने से दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह, तहसीलदार राम नारायण वर्मा समेत पुलिस-प्रशासन की टीम भी पहुंची थी,पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस तरह की बड़ी हादसा हो जाने से क्षेत्र में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *