पुलिस एनकाउंटर गोली गैंग के दो शूटर ढेर

0Shares

 

शामली/सोनीपत। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस के एनकाउंटर के बाद अब सोनीपत के उस परिवार की आवाज सामने आई है, जिसने अपना बेटा सुमित खो दिया। पुलिस के मुताबिक सुमित और मोहित दोनों गोगी गैंग से जुड़े शूटर थे और दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। लेकिन एनकाउंटर के बाद सुमित के घर में मातम के साथ कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। पिता धर्मपाल का दावा है कि बेटे को मोहित की संगत से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह नहीं माना। वहीं परिवार का आरोप है कि नाबालिग बेटे यशपाल को करनाल सी.आई.ए ने हिरासत में लेकर थर्ड डिग्री दी। सुमित के पिता धर्मपाल बताते हैं कि उन्हें शामली पुलिस से फोन आया और तभी उन्हें पता चला कि उनके बेटे के साथ क्या हुआ है। पिता के मुताबिक, करीब तीन-चार महीने पहले कुंडली में हुए एक मर्डर के मामले के बाद मोहित और सुमित की दोस्ती हुई। मृतक के बेटे प्रिंस से मोहित की दोस्ती थी और इसी संपर्क के जरिए सुमित भी मोहित के करीब आता गया। धर्मपाल खुद वाई-फाई लगाने का काम करते हैं और उनका कहना है कि सुमित भी इसी काम में उनकी मदद करता था। लेकिन पिछले दो-तीन महीनों में उन्हें बेटे के व्यवहार में बदलाव नजर आने लगा। पिता का दावा है कि सुमित घर आता था… लेकिन कुछ ही देर बाद वापस निकल जाता था। जब भी वह बेटे को घर बुलाते, मोहित उसके साथ होता। पिता ने कई बार सुमित को मोहित से दूर रहने के लिए कहा… लेकिन सुमित ने उनकी बात नहीं मानी। जिस बेटे को पिता अपने काम में हाथ बंटाने वाला समझ रहे थे, वही बेटा कब और कैसे अपराध की दुनिया के करीब पहुंच गया परिवार को इसका अंदाजा तक नहीं हुआ।

अब परिवार का सवाल सीधा है?

अगर सुमित पर अपराध में शामिल होने का आरोप था और पुलिस के मुताबिक वह एनकाउंटर में मारा गया, तो उसके छोटे भाई यशपाल के साथ कथित तौर पर ऐसा व्यवहार क्यों किया गया? परिवार का दावा है कि यशपाल नाबालिग है। मां की हालत ऐसी है कि बातचीत करते-करते वह बेसुध हो जाती हैं। चार बच्चों का यह परिवार दो बेटियां, तीसरे नंबर पर सुमित और सबसे छोटा यशपाल आज एक बेटे की मौत के सदमे और दूसरे बेटे के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के सवालों के बीच खड़ा है। मां की मांग है कि एक बेटे ने अगर अपराध किया था तो उसे उसकी सजा मिल गई, लेकिन दूसरे बेटे का क्या कसूर? परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है और अब निगाहें पुलिस और प्रशासन के जवाब पर हैं।

धर्मपाल कहते हैं कि उन्होंने कई बार सुमित से अकेले में बात करने की कोशिश की, लेकिन मोहित हमेशा उसके साथ रहता था। पिता के मुताबिक उन्हें कभी यह अंदाजा नहीं हुआ कि उनके बेटे की संगत उसे इतनी दूर ले जा रही है। जब शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की खबर सामने आई। परिवार का कहना है कि सुमित की बहन ने मोबाइल पर घटनाक्रम देखा और तस्वीरों में अपने भाई को पहचान लिया। अब इस कहानी का दूसरा और बेहद गंभीर पहलू सामने आता है। सुमित का छोटा भाई यशपाल भी करनाल सी.आई.ए की कार्रवाई के घेरे में आया। परिवार के मुताबिक यशपाल उस समय अपने चाचा के बेटे और भाइयों के साथ घर पर बैठा था। तभी पुलिस पहुंची, मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिए और उसे थाने ले गई। यशपाल का आरोप है कि उसे करीब दो दिन तक हिरासत में रखा गया और उसके साथ थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया। उसने पैरों पर दर्दनाक यातनाएं देने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *