लेट्स टॉक कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, तकनीक और संवाद को मिला नया मंच।

शिक्षक दिवस विशेष आनलाइन क्विज में भाग लेने वाले पांच हजार से अधिक शिक्षकों को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
पटना। शिक्षक दिवस के अवसर पर टीचर्स ऑफ बिहार द्वारा शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज को शिक्षा के नए आयामों से जोड़ने के उद्देश्य से पाँच महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम लेट्स टॉक में शिक्षा, साहित्य, तकनीक, साइबर सुरक्षा और संवाद को केंद्र में रखते हुए कई अभिनव पहल की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मॉडरेशन डॉ. विनोद कुमार उपाध्याय द्वारा किया गया। समारोह में शिक्षक दिवस स्पेशल ऑनलाइन क्विज-2026, ‘शिक्षा के गुमनाम नायक’ पुस्तक के लिए कहानी आमंत्रण, ‘लेट्स टॉक’ में पूर्व अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग डॉ.एस.सिद्धार्थ के साथ विशेष संवाद, ‘आंचलिका’ पत्रिका के कवर पेज का विमोचन तथा ‘मैं हूँ साइबरदूत’ कोर्स का शुभारंभ किया गया।
टीचर्स ऑफ बिहार के अनुसार, शिक्षक दिवस स्पेशल ऑनलाइन क्विज में शामिल पांच हजार से अधिक प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। वहीं ‘शिक्षा के गुमनाम नायक’ पहल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों की प्रेरणादायक कहानियों को समाज के सामने लाया जाएगा।
‘आंचलिका’ टीचर्स ऑफ बिहार की पहली पत्रिका प्रकाशित होगी जो बिहार की पाँच प्रादेशिक भाषाओं, साहित्य एवं लोक-संस्कृति को समर्पित है। वहीं ‘मैं हूँ साइबरदूत’ कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार एवं टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने कहा कि शिक्षक दिवस पर शुरू की गई ये पहलें शिक्षकों के सम्मान के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी जागरूकता और रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने कहा कि टीचर्स ऑफ बिहार लगातार शिक्षकों को एक सशक्त डिजिटल मंच प्रदान कर रहा है। इन पहलों से शिक्षकों की प्रतिभा, अनुभव और नवाचार को व्यापक स्तर पर पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सिकेन्द्र कुमार सुमन, मनीष कुमार, कुमार अभिषेक, अमितेश कुमार, पप्पू कुमार पंकज, अभिषेक कुमार, अनुपमा प्रियदर्शिनी, आस्था दीपाली, कनिष्का मुस्कान, भवानंद सिंह, राकेश वर्मा, मधु प्रिया सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
टीचर्स ऑफ बिहार की ये पहलें शिक्षा के क्षेत्र में सम्मान, संवाद और नवाचार की नई मिसाल प्रस्तुत कर रही हैं।
