सोनीपत। नगर निगम क्षेत्र के पूर्वी भाग में भविष्य में आने वाली पेयजल समस्या के समाधान के लिए गांव देवडु में प्रस्तावित नहर आधारित 50 एम् एल डी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए कच्चे पानी की उपलब्धता को लेकर सिंचाई विभाग तथा सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक नगर निगम मेयर राजीव जैन की अध्यक्षता में की गई।
मेयर कार्यालय में आयोजित बैठक में प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर राजीव गुप्ता, कार्यकारी अभियंता अलोक कुमार, उपमंडल अभियंता अंकित लोहान, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता मंजीत हुड्डा तथा कार्यकारी अभियंता नितिन कुमार उपस्थित रहे। बैठक में प्लांट के लिए बड़वासनी सिथत पश्चिमी यमुना नहर तथा राजपुरा माइनर से कच्चा पानी उपलब्ध करवाने बारे चर्चा की गई। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पानी के दोनों विकल्पनों का सर्वे करवाकर रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में महानगर विकास प्राधिकरण की चंडीगढ़ में हुई बैठक में नहर आधारित पेयजल योजना का प्रस्ताव तैयार करने की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई थी। नगर निगम में शामिल गांवों में भी भूजल पीने योग्य ना होने के कारण नहरी पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग जोर शोर से उठ रही है, अभी हाल ही में लगभग 23 करोड़ रूपये की लागत से दो रैनीवेल और बनाने की परियोजना मंजूर की गई थी जिसका टेंडर अलॉट हो चुका है। मेयर जैन ने बताया कि निगम क्षेत्र में अभी तक 70 एम.एल.डी. पानी विभिन्न स्त्रोतों से उपलब्ध है। दो रैनीवेल बनने से 90 एम् एल डी पानी उपलब्ध हो जायेगा। क्षेत्र में लगातार रिहायशी कालोनियां बनने से आबादी बढ़ रही है इसलिए भविष्य में लगभग 140 एम् एल डी पानी की आवश्यकता रहेगी। इसीलिए देवडु में नहर आधारित नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया।
