राई/सोनीपत। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला आज सोनीपत जिले के राई क्षेत्र में शोक संतप्त परिवारों के बीच पहुँचे और उन्हें संबल प्रदान किया। डॉ. चौटाला ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। शोक संवेदना व्यक्त करने के क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला सबसे पहले मलिकपुर गाँव में जेजेपी नेता महेश त्यागी के निवास स्थान पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने उनकी धर्मपत्नी के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। इसके बाद वे नागल खुर्द पहुँचकर पार्टी के वरिष्ठ साथी हवा सिंह आंतिल (आंतिल खाप चौबीसी प्रधान) के पुत्र के निधन पर शोकाकुल परिवार से मिले तत्पश्चात प्रमोद नाहरी प्रॉपर्टी डीलर के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि दुःख की इस कठिन घड़ी में पूरी पार्टी दोनों पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह अपार कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस दौरान जेजेपी के जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा, राई हल्का अध्यक्ष मास्टर दिनेश चौहान,सियानंद त्यागी, रमेश बड़ौली,रिंकू सरोहा, कर्मबीर, भोलू गढ़ मिर्कपुर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व स्थानीय कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
