राई। मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राई में पौधारोपण अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के ईको क्लब के विद्यार्थियों तथा एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। विद्यालय परिसर को हराभरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से ईको क्लब एवं एनसीसी द्वारा प्रत्येक वर्ष सैकड़ों पौधे लगाए जाते हैं। विद्यालय परिसर में वर्तमान में लगभग 5,110 पेड़ मौजूद हैं, जो संस्थान की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य व निदेशिका दिनेश कुमारी, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित कपूर, ईको क्लब की प्रभारी नरेंद्र कौर एवं अर्चना मलिक तथा एनसीसी एयर विंग की एएनओ चीफ ऑफिसर नीलम अहलावत उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य व निदेशिका दिनेश कुमारी ने कहा, “पेड़ केवल हमारे पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पौधारोपण को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने ने कहा कि नए पौधों का रोपण परिसर की हरियाली को और बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य व निदेशिका दिनेश कुमारी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहन एवं स्नेह के प्रतीक स्वरूप मिठाई वितरित की तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।
