सोनीपत। जननायक जनता पार्टी सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी लंबित न्यायसंगत मांगों के समाधान के लिए पूरी मजबूती से उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हो गई है। शुक्रवार को जेजेपी के जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा के नेतृत्व में पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों, सेल अध्यक्षों और हल्का अध्यक्षों ने रेस्ट हाऊस, सोनीपत में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के उपरांत जेजेपी का सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर सफाई कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुँचे और उन्हें पार्टी की तरफ से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल से पैदल मार्च निकालते हुए नगरपालिका आयुक्त कार्यालय का रुख किया और आयुक्त को सफाई कर्मचारियों की मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए जेजेपी जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा ने कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे समाज की रीड की हड्डी हैं, जो शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में दिन-रात योगदान देते हैं। उनके अधिकारों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अशोक सरोहा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों का जल्द से जल्द स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो जननायक जनता पार्टी इस जनहित के मुद्दे को लेकर सड़कों से लेकर उच्च स्तर तक निर्णायक संघर्ष करेगी। इस मौके पर मास्टर दिनेश चौहान, बिजेंद्र आंतिल, सियानंद त्यागी, शीलू ख़ासा, राजा सहरावत, रमेश पहलवान बड़ौली, शमशेर नरवाल, रामप्रसाद शर्मा, जुगती राम, कर्मबीर राठधाना, अक्षित मलिक मौजूद रहे।
