मुरथल/सोनीपत : मुरथल स्थित हरि ढाबा पर राई विधानसभा के बूथ लेवल एजेंट-2 के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता हल्का अध्यक्ष राई मास्टर दिनेश चौहान व पूर्व प्रत्याशी राई बिजेंद्र आंतिल ने संयुक्त रूप से की। बैठक में हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी एवं रविंद्र सांगवान बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। वहीं, संगठनात्मक चर्चा के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा जी मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में विधानसभा राई के बूथ स्तर पर नए वोट बनवाने और संगठन को मजबूती प्रदान करने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी और बताया कि 24 सितंबर को प्रदेश भर में स्थापित जननायक चौधरी देवीलाल जी की 73 मूर्तियों की सफाई एवं आवश्यक मरम्मत का कार्य कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत 25 सितंबर को जननायक चौधरी देवीलाल जी की 74वीं मूर्ति की स्थापना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला जी द्वारा की जाएगी तथा प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे कांग्रेस का सहारा छोड़कर हमारी तरह अपनी अलग पार्टी बनाएं और चुनाव लड़कर दिखाएं। प्रेस वार्ता के अंत में दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार द्वारा डिजिटल पेमेंट पर बढ़ाए गए शुल्कों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इसे आम जनता की कमर तोड़ने वाला फैसला बताते हुए केंद्र सरकार से अपील की कि इस बढ़ाए गए शुल्क को जल्द से जल्द वापस लिया जाए।
इस अवसर पर सुमित राणा,राज सिंह दहिया,रजनी मलिक, रणबीर दहिया, रवि दहिया, रमेश बड़ौली, रेणु आंवली, अनिल त्यागी, जुगती राम, भीम मेहरा,राम प्रसाद शर्मा, अजय कुहाड़, कर्मबीर राठधना आदि मौजूद रहे।
