सोनीपत। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सोनीपत नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। इसी कड़ी में नगर निगम मेयर राजीव जैन ने वार्ड नंबर-2 में कपड़ा मार्केट से बस स्टैंड तक तथा वार्ड नंबर-4 के सेक्टर-15 मुख्य बाजार में आयोजित स्वच्छता अभियान में पहुंचकर सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई कार्य में भाग लेते हुए लोगों को अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। मेयर जैन ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और अपने घर, दुकान तथा आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। इस अवसर पर पार्षद मुकेश, सुरेंद्र मदान, त्रिभुवन कौशिक, रीना मुकेश सैनी, निशा मोनू, मुनि राम, कुणाल कौशिक, मीना रामनिवास रोहणा, संजय कुमार, संगीता देवेंद्र सैनी, साधना लक्ष्मी तनेजा, किरण राजेंद्र चांदना, संजीव वलेचा, सुनीता राठी, सुनीता देवी, अनुराग जैन, राज कुमार शर्मा आदि ने भी स्वच्छता अभियान में सहयोग किया।
