सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में मेयर राजीव जैन ने संयुक्त आयुक्त नीतू धनखड़ और एक्सईएन अजय निराला सहित अधिकारियों के साथ शहर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से चलाने को लेकर चर्चा की। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों की ओर से स्वच्छता एवं शहर की साफ-सफाई से संबंधित प्रस्तुतीकरण भी देखा गया। मेयर राजीव जैन ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मेयर ने कहा कि शहर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए स्वच्छता के साथ-साथ वायु प्रदूषण को कम करना भी जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने ने नागरिकों से भी अपने आसपास सफाई रखने और शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।
