सोनीपत। बहादुरगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता (एसजीएफआई ) में पूर्ण मूर्ति ग्लोबल स्कूल, कामी रोड की बारहवीं कक्षा की छात्रा खुशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। लड़कियों की कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान अंडर-17 आयु वर्ग के 49 किलो भार वर्ग में खुशी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खुशी की इस उपलब्धि के साथ ही उसका चयन राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हरियाणा की टीम में हुआ है। अब वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेगी। उसकी इस सफलता से विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। संस्था के चेयरमैन डॉ.विजयपाल नैन, सचिव गौतम नैन, स्कूल की प्रधानाचार्या हिमानी दहिया व उप प्राचार्य वरुण कुमार ने खुशी को बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। डॉ.विजयपाल नैन ने इस मौके पर कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के बल पर विद्यार्थी खेलों में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। खुशी ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। लड़सौली निवासी खुशी के पिता सतीश व माता सविता ने भी अपनी लाडली बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इस मौके पर कॉर्डिनेटर मीनाक्षी, शीतल, अन्नु, शिल्पा, स्वाति, वंदिता, विनम, सोनू, पीआरओ अमन सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने भी खुशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
