सोनीपत। विधायक निखिल मदान ने सोमवार सुबह सेक्टर-15 क्षेत्र का दौरा किया और पेयजल आपूर्ति सहित क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर मौजूद आम लोगों ने क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति होने और समय पर पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत दी। विधायक निखिल मदान ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विधायक निखिल मदान ने सेक्टर 15 वाटर बूस्टिंग स्टेशन का दौरा किया और अधिकारियों को वहां सफाई व्यवस्था बेहतर करके पेयजल आपूर्ति शुरू करने के आदेश दिए। विधायक निखिल मदान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए संबंधित विभाग नियमित रूप से निगरानी रखे। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी पेयजल की कमी, प्रेशर कम होने की शिकायत सामने आती है, उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं, पाइपलाइन तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की स्थिति की जानकारी भी ली। इस अवसर पर विधायक ने स्थानीय निवासियों की सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक निखिल मदान ने सफाई व्यवस्था का कार्य देख रहे सुपरवाइजर और कर्मचारियों को क्षेत्र में नियमित तौर पर सफाई करने, कूड़ा उठान के दिशा निर्देश दिए ताकि आमजन को समस्या न आये। मौके पर भारत सिंह दुआ, रमेश गुप्ता, अनिल पांडे, सुरेंद्र शर्मा, रामेंद्र दहिया, कर्मवीर सरोहा, प्रताप छिकारा, विनोद मलिक, हरि प्रकाश नैन,राजपाल सहरावत आदि लोग मौजूद रहे।
