सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को एसएम हिंदू स्कूल में जिला स्तरीय भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भाषण तथा चित्रों के माध्यम से अपने विचारों एवं कल्पनाओं को अभिव्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालय स्तर, ब्लॉक स्तर के बाद जिला स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पेंटिंग तथा भाषणों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सोनीपत विधायक निखिल मदान तथा नगर निगम मेयर राजीव जैन भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री तरुण देवीदास, जिला महासचिव नीरज ठरू, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रचना, सभी ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
