राई/सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई, सोनीपत में आयोजित “बीसवांमील ब्लॉकबस्टर कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता” के प्रथम संस्करण का समापन रोमांचक एवं कड़े मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में एसयूओएच लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसयूओएच एलीट को सीधे 3–0 सेटों से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में बीसवांमील एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अशोका विश्वविद्यालय, ओ.पी. जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय, एसआरएम विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय तथा वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ़ डिज़ाइन सहित अन्य विश्वविद्यालयों की टीमें शामिल रहीं। एसयूओएच लायंस ने लगातार तीन सेटों में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अंततः एसयूओएच एलीट को 3–0 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। एसयूओएच एलीट ने भी पूरे मुकाबले में शानदार खेल, जुझारूपन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया और उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा खिलाड़ियों में खेल भावना, टीम भावना, अनुशासन और वॉलीबॉल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता ने विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया।
