चन्दौली ब्यूरो। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती पर ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (एआईपीएफ) की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर एआईपीएफ राष्ट्रीय समिति सदस्य अजय राय ने कहा कि भगत सिंह का जीवन केवल अंग्रेजी हुकूमत से आजादी के संघर्ष की कहानी नहीं है, बल्कि वे एक ऐसे समाज का सपना देखते थे जिसमें शोषण, अन्याय और असमानता के लिए कोई जगह न हो।
अजय राय ने कहा कि भगत सिंह ने युवाओं को अध्ययन, तर्क, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। आज उनकी जयंती पर उनके विचारों को याद करते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, शिक्षा और रोजगार जैसे सवालों पर जागरूक होने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह और उनके साथियों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उनका संघर्ष हमें यह संदेश देता है कि समाज में मौजूद अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाना लोकतांत्रिक नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व है।
एआईपीएफ ने कहा कि भगत सिंह की विरासत को केवल माल्यार्पण और नारों तक सीमित करने के बजाय उनके विचारों को जनजीवन के सवालों से जोड़ना चाहिए। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक समानता और नागरिक अधिकारों की मजबूती के लिए लगातार जनजागरण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि
नई पीढ़ी संवाद कर रही हैं उसमें शिरकत करें प्रमुख मांगे हैं
सरकार जवाबदेह हो!
जनप्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह हो !
एसआईआर रद्द हो व मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दें!
कारपोरेट संपत्ति पर टैक्स लगे!शिक्षा-रोजगार व स्वास्थ्य की गारंटी हो
इस अवसर पर भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। एआईपीएफ ने भगत सिंह को नमन करते हुए कहा—
“इंकलाब जिंदाबाद।”
