रसोइया-सहायतकों का सम्मान कार्यक्रम में उपस्थित रहे मंत्री डॉ. रणोज पेगू

0Shares

गुवाहाटी। असम के शिक्षामंत्री डॉ. रनोज़ पेगू ने सोमवार को कामरूप जिले के राणी शिक्षा खंड में पिएम-श्री आंचलिक हाई स्कूल, फूलगुड़ी में आयोजित रसोइया एवं रसोइया सहायक सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम “सेवा संकल्प अभियान” के तहत समग्र शिक्षा, असम द्वारा आयोजित किया गया था।समारोह में मंत्री डॉ. पेगू ने राणी शिक्षा खंड के 123 रसोइया और रसोइया सहायकों को उनके समर्पण, जिम्मेवारी और सेवा के लिए राज्यपाल या मुख्यमंत्री के प्रशंसा पत्र तथा चेक प्रदान किए। सरकार के तत्वावधान में राज्य भर में कुल 1,07,047 रसोइया और रसोइया सहायकों का इसी तरह सम्मान किया जाना निर्धारित है। डॉ. रनोज़ पेगू ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण अभियान (पीएम पोषण) की स्कूलों में सफल क्रियान्वयन में रसोइया और रसोइया सहायक एक महत्वपूर्ण और जिम्मेदार भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समुचित विकास को सुनिश्चित करने में उनका निष्ठापूर्ण योगदान अत्यंत सराहनीय है। यह सम्मान केवल उनके कार्य की मान्यता नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में और अधिक उत्साह, जिम्मेदारी और निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरणा भी बनेगा। शिक्षामंत्री ने विशेष रूप से कहा कि बच्चों के कल्याण और पोषण की सुनिश्चितता में रसोइया एवं रसोइया सहायकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उनके इस योगदान को हर स्तर पर मान्यता दे रही है। समारोह में कामरूप जिले की अतिरिक्त जिला आयुक्त (शिक्षा) गीताश्री लाचित, समजिला आयुक्त भास्कर ज्योति कलिता, समजिला पुलिस अधीक्षक डेजी गोगोई, विद्यालय निरीक्षक तपन चंद्र कलिता के साथ-साथ शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *