चन्दौली। बबुरी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में भतीजे और उसके बेटे ने लाठी-डंडे से हमला कर चाचा-चाची को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान शनिवार की सुबह चाचा संग्राम की मौत हो गई, जबकि पत्नी माया का इलाज चल रहा है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
शाहपुर निवासी संग्राम और स्व. रामसूरत आपस में भाई थे। दोनों परिवारों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्वजन के अनुसार, शुक्रवार को रामसूरत का पुत्र प्यारे अपने बेटे जितेंद्र के साथ संग्राम के घर पहुंचा और जमीन बेचने के बाद हिस्से का पैसा लेने के लिए साथ चलने को कहा। इसके बाद संग्राम पत्नी माया के साथ उनके साथ चले गए। गांव के बीच कुएं के पास भूत-प्रेत को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान प्यारे और जितेंद्र ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से दंपती अचेत होकर गिर पड़े। स्वजन और ग्रामीण दोनों को जिला अस्पताल ले गए, जहां से संग्राम को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
