2027 के चुनाव में रंजना भारती पर दांव लगा सकती है सपा, सलेमपुर में बदल सकता है सियासी समीकरण

0Shares

 


2012 से लगातार टिकट की दावेदारी, अब तक नहीं मिला मौका; सपा नेतृत्व के फैसले पर टिकी समर्थकों की निगाहें

सलेमपुर (देवरिया)। 341 सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र सलेमपुर में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। कभी समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस विधानसभा सीट पर वर्ष 2017 और 2022 के चुनाव में भाजपा ने लगातार जीत दर्ज कर सपा के राजनीतिक वर्चस्व को चुनौती दी। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी किस उम्मीदवार पर भरोसा जताती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

इसी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में समाजवादी पार्टी की नेत्री रंजना भारती का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। बताया जाता है कि रंजना भारती वर्ष 2012 से लगातार पार्टी से विधानसभा चुनाव का टिकट मांगती आ रही हैं, लेकिन अब तक पार्टी नेतृत्व ने उन्हें चुनावी मैदान में उतरने का अवसर नहीं दिया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में रंजना भारती को अपना प्रत्याशी बनाती है तो सलेमपुर की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं। उनके समर्थकों का दावा है कि वह पार्टी के परंपरागत मतदाताओं के साथ-साथ अपने समाज, ब्राह्मण समाज तथा अन्य वर्गों के मतदाताओं के बीच भी अपनी स्वीकार्यता बना सकती हैं।

सलेमपुर में भाजपा की लगातार दो चुनावी जीत के बाद समाजवादी पार्टी के सामने अपने पुराने राजनीतिक आधार को फिर से मजबूत करने की चुनौती है। ऐसे में रंजना भारती को टिकट देना पार्टी के लिए एक राजनीतिक प्रयोग के साथ-साथ महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का अवसर भी हो सकता है।

हालांकि अंतिम फैसला समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को ही करना है, लेकिन क्षेत्र में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि क्या इस बार पार्टी रंजना भारती पर भरोसा जताकर उन्हें चुनावी मैदान में उतारेगी? यदि ऐसा होता है तो 2027 का विधानसभा चुनाव सलेमपुर में काफी दिलचस्प और मुकाबले वाला हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *