
लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति, उत्तर प्रदेश के संरक्षक विधानपरिषद सदस्य यशवंत सिंह ने चन्द्रशेखर स्मारक ट्रस्ट रामपुर जहानागंज आज़मगढ़ पर अपने हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के अद्वितीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश और देश को विश्वगुरु के पद पर फिर से आसीन करने के लिए राजनीति के मैदान में हैं। केवल परिवार को देश मानने वालों, अलगाववादियों को बढ़ावा देने वालों और आय से अधिक कमाई वालों से इन दोनों युग पुरुषों की तुलना नहीं जा सकती है। उन्होंने कहा है कि यह समय व्यक्तिगत मुद्दों को लेकर बहस करने का नहीं है, प्रदेश और देश को और अधिक मजबूत करने का है। यह समय परिवारवादियों, अलगाववादियों को बढ़ावा देने वाली ताकतों और आय से अधिक कमाई वालों को सबक सिखाने का है।
बुद्धवार को चन्द्रशेखर ट्रस्ट पर मिलने आए अपने समर्थकों से लोकतंत्र सेनानी समिति के संरक्षक विधानपरिषद सदस्य यशवंत सिंह ने कहा है कि सांसारिक जीवन में जो फल बद्रीनाथ और गंगासागर की यात्रा से मिलता है, लोकतांत्रिक व्यवस्था में वही फल मतदान करने से मिलता है। इसलिए कल 23 जून को शतप्रतिशत मतदान करें और अपने मत से यशस्वी प्रधानमंत्री श्री मोदी और अद्वितीय मुख्यमंत्री योगी को मजबूत करें। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कविता,
” समर क्षेत्र में नहीं पाप का भागी केवल व्याध,
जो तटस्थ है समय लिखेगा उसका भी अपराध ”
पढ़ते हुए कहा कि कल किसी भी कीमत पर तटस्थ मत रहिएगा। ईमानदारी औऱ बेईमानी, अलगाववाद और राष्ट्रप्रेम तथा परिवारवाद और राष्ट्रवाद के बीच हो रहे इस समर में मतदान करके भाग जरूर लीजिएगा।
लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के संरक्षक विधानपरिषद सदस्य यशवंत सिंह मंगलवार को देर रात श्री चन्द्रशेखर ट्रस्ट पर पहुँचे। यह खबर लगते ही बुधवार को सुबह से ही ट्रस्ट पर उनसे मिलने वालों का तांता लग गया। उनसे मिलने वालों में आज़मगढ़ उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ भी थे।
ट्रस्ट परिसर में स्थित राष्ट्रपुरुष चन्द्रशेखर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के संरक्षक विधानपरिषद सदस्य यशवंत सिंह ने कहा कि चूकिए नहीं, कल गुरुवार को मतदान करके आज़मगढ़ से योगी टू की शुरुआत करिए। आज़मगढ़ से कल होनी वाली यह शुरुआत ही इस बार राष्ट्रपुरुष चन्र्दशेखर को असली श्रद्धाजंलि है। श्री दिनेश लाल निरहुआ प्रत्याशी लोक सभा आज़मगढ़ भाजपा ने चंद्रशेखर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर यशवन्त सिंह के समर्थकों में दर्जनों ब्लाकों के प्रमुख, सैकड़ों महाप्रधान और हज़ारों बीडीसी व ग्राम प्रधान मौजूद थे।
