
मुबारकपुर (आज़मगढ़)। जिले के मुबारकपुर के ग्राम ढकवा में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के पावन पर्व पर ग्राम ढकवा में हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस का आयोजन हाफिज मेराज मिस्बाही और हाफिज अकरम साहब की देखरेख में किया गया, जिसमें गांव के बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
जुलूस की शुरुआत गांव स्थित गौसिया मस्जिद से हुई। इसके बाद जुलूस गांव के विभिन्न मोहल्लों और गलियों से होते हुए आगे बढ़ा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के लिए मिठाई, शरबत, जूस और अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया। वहीं बच्चों के लिए भी विभिन्न प्रकार की खाने-पीने की चीजें बांटी गईं, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जुलूस में शामिल लोगों ने नात-ए-पाक पढ़कर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ की विलादत की खुशी का इजहार किया। धार्मिक नारों और नात-ए-पाक की आवाज से गांव का माहौल पूरी तरह खुशनुमा और उत्साहपूर्ण नजर आया।

जुलूस में बच्चों से लेकर बुजुर्गों और युवाओं तक सभी वर्ग के लोग उत्साह के साथ शामिल रहे। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश दिया।
गांव के सभी प्रमुख मोहल्लों और गलियों का भ्रमण करने के बाद जुलूस वापस गौसिया मस्जिद के सहन में पहुंचा, जहां सलाम और दुआ के साथ जुलूस का समापन किया गया।
ईद मिलादुन्नबी के इस भव्य आयोजन में लोगों की भारी भागीदारी और उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांव में खुशी और आपसी भाईचारे का माहौल बना रहा।
