अनुपम मिश्र बने हिंदू महासभा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष

0Shares

स्वामी चक्रपाणि महाराज ने किया मनोनयन।

नई दिल्ली। अखिल भारत हिंदू महासभा ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अनुपम मिश्र को उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया है। यह घोषणा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज द्वारा की गई।
नियुक्ति की घोषणा करते हुए स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि अनुपम मिश्र लंबे समय से हिंदू समाज, सनातन संस्कृति एवं गौ-रक्षा के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, समर्पण एवं निष्ठा को देखते हुए उन्हें प्रदेश की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मिश्र के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में महासभा का संगठन जिला एवं मंडल स्तर तक सुदृढ़ होगा तथा सनातन धर्म एवं राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर संगठन की सक्रियता और प्रभावी होगी।
महासभा की ओर से बताया गया कि मिश्र को प्रदेश में संगठनात्मक ढाँचे के विस्तार, जिला इकाइयों के गठन, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा धर्म-संस्कृति, गौ-संरक्षण, मंदिर संरक्षण एवं सामाजिक समरसता से जुड़े अभियानों के संचालन का दायित्व सौंपा गया है।
अनुपम मिश्र ने आज नई दिल्ली स्थित हिंदू महासभा कार्यालय पहुँचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज से भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महासभा के वरिष्ठ नेता राजकुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए अनुपम मिश्र ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का विषय है और वे राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जनपद तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा, हिंदू समाज की एकता एवं राष्ट्रीय हित सर्वोपरि रहेंगे।
मिश्र की नियुक्ति पर महासभा के पदाधिकारियों, संत समाज एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *