कांग्रेस नेता को अपने सभी पदों से दे देना चाहिए इस्तीफा : राजीव जैन

0Shares

सोनीपत। एस.आई.आर को लेकर चुनाव आयोग के सदस्यों में मतभेद के आरोपों को आयोग के सभी सदस्यों द्वारा नकारने के बाद कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के झूठ का भंडाफोड़ हो गया है इसलिए राहुल गांधी के खिलाफ लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान करने के आरोप में मुकदमा दर्ज होना चाहिए और कांग्रेस नेता को अपने सभी पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।

एस.आई.आर के मुद्दे पर देश भर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर नगर निगम मेयर राजीव जैन ने स्थानीय लोक निर्माण विश्रामगृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कोई भी झूठ सौ बार बोलने से सच नहीं हो सकता। केरल में एस.आई.आर के बाद चुनाव हुए और वहां कांग्रेस सत्ता में आई तो वहां एस.आई.आर की प्रक्रिया गलत नहीं थी। असल में जहां कांग्रेस चुनाव हारती है वहां प्रक्रिया गलत हो जाती है। यही कांग्रेस का फरेबी चेहरा है। मेयर ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा समय-समय पर चुनाव आयोग, न्यायपालिका तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं। उन्होंने राफेल मामले, सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक से जुड़े पूर्व राजनीतिक विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में आरोप लगाने के साथ-साथ तथ्यों और संस्थागत प्रक्रियाओं का सम्मान भी आवश्यक है। प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी एडवोकेट दिनेश अत्री, एसआईआर के जिला संयोजक नरेंद्र भारती, भारत मल्होत्रा, नीरज खापरा, कृष्ण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *