सोनीपत। डोर टू डोर कचरा उठाने वाली जेवीएम कंपनी को नगर निगम मेयर राजीव जैन ने चेतावनी दी है की एक सप्ताह में हर घर कचरा उठाने का प्रबंध व्यवस्थित नहीं हुआ तो कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने की सिफारिश की जाएगी। नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार की मौजूदगी में हुई बैठक में मेयर जैन ने कहा कि गाड़ी ड्राइवरों की आए दिन होने वाली हड़ताल से हमारे स्वच्छता अभियान को पलीता लग रहा है, और सड़कों पर कूड़े के ढेर जमा हो रहा हैं उन्होंने कहा कि जब निगम हर माह भुगतान समय पर कर रहा है तो लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सह आयुक्त मीतू धनखड़, कंपनी महाप्रबंधक विमल जिंदल, प्लांट मैनेजर संजय मुरगई, मुख्य सफाई निरक्षक साहब सिंह तथा सत्येंद्र दहिया उपस्थित रहे।
आयुक्त हर्षित कुमार ने कहा कि अब पानी सर से ऊपर जा चुका है यदि हालात नहीं सुधरे तो हमारे पास सरकार को वस्तु स्थिति से अवगत करवाते हुए कंपनी से पीछा छुड़वाने की सिफारिश करने के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा। उन्होंने कंपनी अधिकारियों को गाड़ियों के अलावा भी मशीनरी की कमी पूरी करने के निर्देश दिए।
