चन्दौली। चकिया तहसील क्षेत्र के खरौंझा गांव में रिमझिम बारिश के बीच एक गरीब परिवार का कच्चा मकान गिरने से उसका आशियाना उजड़ गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और खाने की जरूरतों को लेकर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार खरौंझा गांव निवासी कलावती देवी पत्नी बिहार विश्वकर्मा का मकान करीब एक सप्ताह पूर्व लगातार हो रही बारिश के दौरान अचानक गिर गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन घर गिरने से परिवार के सिर से छत का सहारा छिन गया और गृहस्थी का सामान भी प्रभावित हुआ।
पीड़ित कलावती देवी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और अपने स्तर से मकान की दोबारा व्यवस्था करना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से आर्थिक सहायता तथा उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मकान गिरने के बाद अभी तक प्रशासन की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर पहुंचकर उनकी स्थिति की जानकारी लेने नहीं आया है। ऐसे में परिवार को सरकारी मदद का इंतजार है।
अब देखना यह है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद शासन-प्रशासन इस गरीब परिवार की समस्या का संज्ञान लेकर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराता है या नहीं।
