गांधी-शास्त्री की जयंती पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने किया पौधरोपण

0Shares

नीम और आंवले का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।

गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद, जिला इकाई गोरखपुर की ओर से विष्णु मंदिर प्रांगण में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
परिषद के जिला प्रभारी दुर्गेश मिश्र एवं जिला महासचिव के.के. त्रिपाठी ने विष्णु मंदिर परिसर में नीम एवं आंवले के पौधे रोपित किए तथा पौधों में जल अर्पित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा से देशवासियों के सामने सेवा और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की।
परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। नीम और आंवले जैसे उपयोगी पौधों का रोपण कर परिषद ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाजहित और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *